- दिल्ली सीएम के पीए विभव कुमार गिरफ्तार
- स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में कार्रवाई
- दिल्ली पुलिस ने पहले हिरासत में लिया था
- सीएम हाउसे हिरासत में लिये गये थे विभव
- दिल्ली पुलिस की दस टीमें कर रही हैं जांच
Vibhav Kumar Arrested: दिल्ली. आप पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से दुर्व्यहार मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनसे दिल्ली के सिविल लाइन्स थाने में पूछताछ कर रही है.
विभव कुमार को आज ही तीस हजारी कोर्ट में पेश किया जाएगा. दिल्ली के सीएम केजरीवाल के आवास पर 13 मई को घटना हुई थी. इसी मामले में स्वाति मालीवाल की ओर से एफआईआर दर्ज करायी गयी थी, जिसमें विभव कुमार को गिरफ्तार किया गया है. स्वाति मालीवाल ने इस मामले में कोर्ट के सामने धारा 164 में बयान दर्ज कराया है.
मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस दो दिनों से सीएम हाउस जा रही हैं, जहां पर कल शाम को सीन को रिक्रियेट किया गया. मौके से दिल्ली पुलिस की टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किये और सीसीटीवी फुटेज लिये. पुलिस इस मामले में तेजी से जांच कर रही है. वहीं, घटना के दिन स्वाती मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को पहले फोन किया था. इसके बाद वो सिविल लाइन्स थाने पहुंची थी, लेकिन उन्होंने लिखित शिकायत नहीं दी थी.
स्वाति मालीवाल की ओर से लिखित शिकायत नहीं देने को लेकर कई तरह के सवाल किये जा रहे थे. इस बीच आप पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मामले को लेकर पत्रकारों से बात की थी और कहा था कि जो मामला सामने आ रहा है. उसको सीएम अरविंद केजरीवाल ने गंभीरता से लिया है. स्वाति मालीवाल पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं. उनके साथ विभव कुमार ने गलत किया है. उन पर कड़ी कार्रवाई पार्टी की ओर से की जाएगी. संजय सिंह की ओर से ये बयान दिया गया, तो माना जा रहा था कि विभव कुमार पर कार्रवाई होगी, लेकिन विभव कुमार पर कार्रवाई के बदले वो मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ पंजाब दौरे पर गये.
बताया जाता है कि विभव कुमार के पंजाब दौरे पर जाने की खबर जब सामने आयी, तो स्वाति मालीवाल ने पूरे मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने का फैसला लिया. इसके बाद पुलिस को लिखित शिकायत की. बताया कि कैसे उनके साथ सीएम हाउस के अंदर विभव कुमार ने दुर्व्यवहार किया. उन्होंने बताया कि बिना कारण उनके साथ मारपीट की गयी.
इस मामले में आप पार्टी की ओर से अब तक दो वीडियो फुटेज जारी की गयी है, जिसमें स्वाति मालीवाल को दिखाया गया है. कैसे वो सीएम हाउस के अंदर सुरक्षा कर्मियों से बात कर रही है. इस मामले को लेकर दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया है कि स्वाति मालीवाल पिछले कुछ महीनों से भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं. ये पूरा मामला भाजपा के इशारे पर हुआ है. उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज से स्वाति मालीवाल के झूठ का पर्दाफाश हो गया है.
उधर, इस मामले को लेकर सीएम केजरीवाल के पीएम विभव कुमार की ओर से दिल्ली पुलिस में शिकायत की गयी है, जिसके आधार पर भी मामला दर्ज किया गया है. विभव कुमार के वकील ने बताया कि हमारे मुअक्किल की ओर से दिल्ली पुलिस को मेल किया गया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वो मामले की जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं.
मीडिया के माध्यम से हमें जानकारी मिली है. हमारी शिकायत पर भी दिल्ली पुलिस को संज्ञान लेना चाहिये. वहीं, कहा जा रहा है कि तीस हजारी कोर्ट में विभव की पेशी के समय दिल्ली पुलिस उनकी रिमांड मांग सकती है.



