
रायपुर. सेंट्रल जेल में बंद विचाराधीन अफ्रीकन कैदी ने आत्महत्या कर ली है. उसने गमछे को सेल की रॉड में फंसाया और उसी पर झूल गया. इस बात की चर्चा हो रही है कि जेल के अंदर की व्यवस्था को लेकर अफ्रीकन मूल के कैदी लगातार विरोध कर रहे थे. मृतक कैदी का नाम पैट्रिक बावको था, जो ड्रग्स केस में सालों से जेल में बंद था, उसकी उम्र 30 साल बताई जा रही है. उस पर मुंबई से ड्रग्स लाकर रायपुर में सप्लाई करने का आरोप था.
30 अक्टूबर 2020 को पैट्रिक को पकड़ा गया था, उस पर रायपुर में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था. वह मूलरूप से नाइजीरिया का रहनेवाला था. मुंबई में रह कर ड्रग्स सप्लाई की चेन चलाता था. जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक मंगलवार को जब जेल के पहरेदार रूटीन दौरे पर थे, उसी दौरान पैट्रिक फंदे पर झूलता हुआ दिखा. उसको मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पैट्रिक के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी गई है, जिसके बाद वो भारत के लिए रवाना हो गए हैं. वहीं, जेल प्रशासन की ओर से पैट्रिक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.



