
रायपुर. राजधानी रायपुर धर्म परिवर्तन का एक मामला फिर सामने आया, जिसको लेकर जमकर हंगामा हुआ. हिंदू संगठनों के विरोध के बाद हालात बदलने लगे, तो मौके पर पहुंच कर पुलिस ने मामले को संभाला. मामले में एक पादरी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मामला मोवा स्थित मितान विहार कालोनी का है. आरोप है कि मितान विहार के एक मकान में लंबे समय से प्रार्थना और क्लास की आड़ में धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना हिंदू संगठन बजरंग दल को मिली थी.
धर्म परिवर्तन की सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पहुंचे और नारेबाजी व प्रदर्शन करने लगे. सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस, सिटी एएसपी, सीएसपी और साथ थाना प्रभारी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. हंगामा कर रहे लोगों को समझा कर स्थिति को संभाला.
पुलिस ने मकान के भीतर मौजूद सभी व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला और जिन लोगों पर आरोप है, उनको बहार निकाला. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में पांच पुरुषों के अलावा कई महिलाएं, युवती और एक नाबालिग भी शामिल थे.
पंडरी थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की जांच जारी है. पूरे मामले को लेकर इलाके में लोगों में चर्चा हो रही है. प्रार्थना की आंड़ में धर्म परिवर्तन का ये पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं.



