Monsoon Update: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होते ही बारिश के आसार बढ़ गए हैं। अगले तीन दिनों में केरल में बारिश होगी। मंगलवार को दक्षिण अरब सागर और मालदीव क्षेत्र के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसी के साथ मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परस्थितियां अनुकूल बन गई हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में मॉनसून केरल में दस्तक देगा। राज्य में मॉनसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन गई हैं।
इसी अवधि के दौरान दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्से, बंगाल की पूर्वोत्तर खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्से में मॉनसून का असर दिखा है।
वहीं दक्षिण अरब सागर के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र, केरल के कुछ हिस्से और मालदीव के बाकी हिस्सों और कोमोरिन क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति बेहतर होती जा रही है।
Monsoon Update: उत्तर और मध्य भारत का बड़ा हिस्सा मंगलवार को भीषण गर्मी की चपेट में रहा तथा राजस्थान के चुरू और हरियाणा के सिरसा में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी में पारा इस मौसम के सामान्य से 9 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम कार्यालय के अनुसार दिल्ली में कम से कम तीन मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि कम से कम अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विज्ञानियों ने कहा कि गुरुवार को भारत के उत्तर-पश्चिम हिस्सों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है, जिससे सप्ताहांत में क्षेत्र में छिटपुट बारिश हो सकती है।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने मई के उत्तरार्ध के दौरान पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में लू की स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।
पश्चिमी विक्षोभ भूमध्य सागर के ऊपर बनने वाली अतिरिक्त उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियां हैं और पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ती हैं।
मौसम कार्यालय ने कहा कि अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग हिस्सों में रात में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
वहीं भीषण गर्मी के कारण हरियाणा सरकार ने सरकारी और निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां मंगलवार तक के लिए बढ़ा दी हैं।



