
रायपुर. छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के ऐलान के साथ राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है. राज्य में नगरीय चुनाव एक चरण में होंगे, जबकि पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे. इसका ऐलान राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने किया.
उन्होंने बताया कि नगर निगम के चुनाव 10 स्थानों पर होंगे, जबकि नगर पालिका के चुनाव 49 स्थानों पर होंगे. ऐसे ही नगर पंचायत के चुनाव 112 स्थानों पर होंगे. उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बोर्ड एक्जाम की तारीख को ध्यान में रख कर नगरीय चुनाव की तारीख तय की गई है. चुनाव की प्रक्रिया 22 जनवरी से शुरू होगी, जो 24 फरवरी को पूरी कर ली जाएगी.
निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक करने के बाद ही तारीखों का ऐलान किया जा रहा है. इसमें सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय सुरक्षा बलों पर रहेगी. चुनाव का ऐलान होते ही राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सीएम विष्णु देव साय ने चुनाव की तारीखों के ऐलान का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि एक साल में जिस तरह से हमारी सरकार ने काम किया है. जनता उसको देख रही है.
वहीं, कांग्रेस की ओर से भी चुनाव की तारीखों के ऐलान का स्वागत किया गया है. साथ ही दावा किया गया है कि पार्टी नगरीय और पंचायत चुनाव में पिछले चुनाव के प्रदर्शन को दोहराएगी.
नगरीय निकाय चुनाव 2025 कार्यक्रम
- 11 फरवरी को शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकाय चुनाव के लिये होंगे मतदान
- 15 फरवरी को शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकाय चुनाव की होगी मतगणना
- एक ही चरण में होंगे नगरीय निकाय चुनाव
- 17, 20, 23 फरवरी को होंगे पंचायत चुनाव के वोटिंग
- 18, 21 और 24 फरवरी को पंचायत चुनाव की मतगणना
- 27 जनवरी से 3 फरवरी पंचायत चुनाव के लिये होंगे नामांकन
- तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव
- 22 से 28 जनवरी तक नगरीय निकाय चुनाव के होंगे नामांकन
- 31 जनवरी तक होगी नाम वापसी
- 24 फरवरी तक निकाय चुनाव संपन्न हो जायेंगे।
- जिला पंचायत सदस्यों के 433 पदों के लिये होंगे चुनाव
- 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायत में होंगे चुनाव
- 18 तरह के पहचान पत्र मान्य किये गये हैं
- नगरीय निकाय में ईवीएम से होंगे चुनाव
- ग्रामीण क्षेत्रों के पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर से होंगे चुनाव



