
CG Nikay Chunav 2025 Voting LIVE
छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव में पहले तीन घंटे में लगभग 20 फीसदी के आसपास मतदान हुआ है. कई वीआईपी वोटरों ने अपने पोलिंग बूथों पर वोट डाला है.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जगदलपुर में वोट डाला.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में वोटिंग की है.
अंबिकापुर में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने वोट डाला. इस दौरान उन्होंने कहा कि नगरीय चुनावों में ज्यादातर जगहों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत होगी.
रायपुर में कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने पति प्रमोद दुबे के साथ वोटिंग की. दोनों ने वोटरों के साथ लाइन में लग कर वोट किया.
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने मतदान किया. उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोटिंग की अपील की.
दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने वोटिंग की. उन्होंने निर्वाचन नियमों का पालन करते हुए मतदान किया.
रायपुर में कलेक्टर गौरव सिंह ने पत्नी के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंचे और वोटिंग की. इस दौरान दोनों ने पोलिंग बूथ पर लगे सेल्फी प्वाइंट में फोटो भी खिंचवाई.
रायपुर में बीजेपी प्रत्याशी मीनल चौबे की बेटी मेघा ने वोटिंग की. इसके बाद उन्होंने कहा कि हमने अपनी मां के लिए डोर-टू-डोर प्रचार किया. लोगों से बीजेपी के पक्ष में वोटिंग की अपील की. लोगों का काफी अच्छा रिस्पांस मिला.
रायपुर में बीजेपी प्रत्याशी मीनल चौबे ने वोटिंग से पहले माहामाया स्थान में जाकर मां की पूजा की. इस दौरान उन्होंने कहा कि हर बार हम मतदान के दिन जब घर से निकलते थे. तो मां का आशीर्वाद लेकर निकलते थे, लेकिन इस बार मेरी मां नहीं हैं. इसलिए उनकी तस्वीर को प्रणाम करके निकले हैं. महामाया स्थान में पूजा करने के बाद मीनल चौबे ने वोट डाला.
रायपुर, बिलासपुर, धमरती और राजनांदगांव में कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायत मिली, जिसकी वजह से कुछ देर तक मतदान प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में मशीन बनने के बाद वोटिंग शुरू हो गयी.
इधर, राजधानी रायपुर के अमीन पारा सरकारी स्कूल में ईवीएम खराब हो गई, जिससे बनाने में समय लग रहा था, जिसकी वजह से कई वोटर बिना वोटिंग से बूथ से वापस लौट गए. हालांकि कुछ देर बाद मशीन को सुधार लिया गया, जिसके बाद फिर से वोटिंग शुरू हो गई.

जगदलपुर में दुधमुंहे बच्चे को लेकर महिला पोलिंग बूथ पर पहुंची. महिला ने कहा कि एक-एक वोट कीमती है, इसलिए पोलिंग के लिए आए हैं. उसने कहा कि हमें अपने क्षेत्र का विकास करवाना है.
धमतरी में रिसाई पारा पोलिंग बूथ पर धक्का मुक्की की खबर सामने आई है. इसको लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती के साथ एक युवक बदसलूकी करते नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि मतदान केंद्र में बार-बार आने-जाने को लेकर विवाद हुआ.

10 नगर निगम के साथ 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायत क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं. 15 फरवरी को रिजल्ट आएगा.



