
रायपुर. बीजापुर के केशामुंडी गांव में नक्सलियों ने मुखबिरी के आरोप में एक ग्रामीण की हत्या कर दी. मौके पर माओवादियों ने भैरमगढ़ कमेटी का एक पर्चा भी छोड़ा है. वहीं, पुलिस को सूचना मिली, तो अधिकारी मौके पर पहुंचे. ग्रामीण का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही पुलिस ने मौके से बरामद पर्चे की जांच शुरू कर दी है. हाल के दिनों में पुलिस और सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है. माना जा रहा है कि इसके बाद नक्सलियों ने अपनी उपस्थिति का एहसास दिलाने की लिए घटना को अंजाम दिया है.
जिस व्यक्ति की नक्सलियों ने हत्या की है. वो 41 साल का है, उसका नाम भदरू सोढ़ी है. नक्सलियों ने उसकी हत्या सिर पर कुल्हाड़ी से वार करके की है. मौके से बरामद पर्चे में नक्सलियों ने लिखा है, वो उसे पहले ही मार देते, लेकिन बच गया था, क्योंकि भदरू उनकी जानकारियों पुलिस तक पहुंचाता था.
वहीं, राज्य में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलो का अभियान चल रहा है. राज्य से 31 मार्च 2026 तक नक्सलियों के समूल सफाए का लक्ष्य रखा गया है. उसी लक्ष्य के मुताबिक सुरक्षा बलों की ओर से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. उन जगहों पर छापेमारी का जा रही है, जहां अब तक सुरक्षा बलों की पहुंच नहीं थी. ऐसे इलाके नक्सलियों का गढ़ बने हुए थे, लेकिन अब नक्सलियों के हर ठिकाने पर वार हो रहा है.



