सीजी डेस्क। लोकतंत्र में जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि और लोकसेवक मिलकर व्यवस्था का संचालन करते हैं जिसका मूल उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि और लोकसेवक मिलकर सुशासन के रथ को सही तरीके से चलाते हैं। आपके चेहरे पर जो संतुष्टि झलक रही है उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आपके कार्यकाल में आपको लोक सेवकों से भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है। उक्ताशय के विचार व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि जिस तरह से सक्रिय रहते हैं वही आने वाले समय में उनके जनाधार को व्यापक करता है।
जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में सुशासन जनसेवा सम्मान समारोह के अवसर पर कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने सभी जिला पंचायत सदस्यों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए सभी को एक अच्छे कार्यकाल की समाप्ति पर बधाई दी। जिला पंचायत की निर्वाचित सभा की आज अंतिम बैठक व सम्मान समारोह मंथन कक्ष में आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह की अपरिहार्य अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुए इस समारोह में श्रीमती वंदना राजवाड़े, श्रीमती उषा सिंह करयाम, श्रीमती चुन्नी पैकरा, श्रीमती सुनीता कुर्रे, श्रीमती ज्योत्सना राजवाड़े और दृगपाल सिंह, श्रीमती फूलमती सिंह उपस्थित हुए।



