
रायपुर. छत्तीसगढ़में नगरीय निकाय चुनाव के लिए बीजेपी ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. राजनांदगांव और गरियाबंद नगर पालिका और पंचायत के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की गई है. गरियाबंद नगर पालिका से प्रशांत मानिकपुरी को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है. साथ ही गरियाबंद के नगर पंचायत अध्यक्षों के नाम का भी ऐलान किया गया है.
राजनांदगांव की छुरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए अजय पटेल और लाल बहादुर नगर पंचायत के लिए देवेंद्र साहू को प्रत्याशी बनाया गया है. डोंगरगढ़ नगर पालिका के वार्ड प्रत्याशियों का ऐलान भी बीजेपी की ओर से किया गया है.
गरियाबंद जिले में नगर पालिका के लिए प्रशांत मानिकपुरी, राजिम नगर पंचायत के लिए महेश यादव, छुरा नगर पंचायत के लिए लुकेश्वरी निषाद, कोपरा नगर पंचायत के लिए उत्तम राजवंशी, देवभोग नगर पंचायत के लिए अनिता विकास उपाध्याय को प्रत्याशी बनाया गया है. राजिम वार्ड पार्षद के प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी गयी है. गरियाबंद नगर पालिका के 15 वार्ड पार्षदों के नाम भी बीजेपी ने जारी कर दिये हैं. फिंगेश्वर के वार्ड पार्षद प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया गया है, इसमें 15 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है. छुरा, देवभोग, कोपरा के प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी गई है.
सरगुजा की सीतापुर वार्ड पार्षद के प्रत्याशियों का ऐलान भी हो चुका है. नगर पंचायत लखनपुर के वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के नामों का ऐलान भी बीजेपी की ओर से किया गया है. इसी तरह से बीजेपी आज से कल तक पूरे राज्य की नगर पालिका, नगर निगम व त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी.
इससे पहले शुक्रवार को पार्टी ने राज्य मुख्यालय में स्थानीय चुनावों को लेकर नामों पर मंथन किया था, जिलों से आई सूची पर चुनाव से संबंधित विभिन्न कमेटियों ने विचार किया था. इसके बाद ही पार्टी नेताओं ने कहा था कि एक से दो दिन में प्रत्याशियों का ऐलान हो जाएगा.



