
रायपुर. नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है. बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें 31 नक्सली ढेर हुए हैं, जबकि सुरक्षा बलों के दो जवान शहीद हो गये हैं, जबकि दो जवान जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए रायपुर लाया गया है. मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने की है. अभी सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है.
आईजी ने बताया कि सुरक्षा बलों को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों के जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें 31 नक्सली मारे गये हैं. मारे गये नक्सलियों के शव बरामद किये गये हैं. इनकी पहचान की जा रही है. इसमें कुछ बड़े नक्सली भी शामिल हो सकते हैं. सुरक्षा बलों का अभियान अभी भी जारी है.
इधर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुरक्षा बल के जवान नक्सलियों का खात्मा कर रहे हैं. उनको मांद में घुस कर मार रहे हैं. जवानों को मिली ये कामयाबी सराहनीय है. उनकी बहादुरी को मैं सलाम करता हूं. जो दो जवान शहीद हुए हैं. उन्हें नमन करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि वो उन्हें अपने चरणों में स्थान दें. वहीं, घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
वहीं, सीएम ने कहा कि हमारी सरकार को 13 महीने हुए हैं, जिसमें अब तक 282 नक्सलियों को ढेर किया गया है. हमारा ये प्रयास है कि मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सल मुक्त होकर रहेगा.
इस साल अब तक सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. साल की शुरुआत में ही चार जनवरी को अबूझमाड़ में एक महिला नक्सली समेत पांच माओवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था. इसके बाद नौ जनवरी को सुकमा-बीजापुर बार्डर पर तीन नक्सली मारे गये थे. 12 जनवरी को बीजापुर में तीन नक्सलियों को सुरक्षा बलों ने ढेर किया था. 16 जनवरी को एक करोड़ के इनामी नक्सली समेत 18 नक्सलियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था. ये मुठभेड़ तीन दिन तक चली थी, जो छत्तीसगढ़-तेलंगना और उड़ीसा के बार्डर पर हुई थी. 20 जनवरी को गरियाबंद इलाके में सुरक्षा बलों ने 16 नक्सलियों को मार गिराया था.



