सीजी डेस्क। भारत सरकार के केन्द्रीय रेल राज्य व जल शक्ति मंत्री वी सोमन्ना के कोरबा प्रवास पर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने मुलाकात कर कोरबा में यात्री सुविधाओं के अलावा यात्री ट्रेनों के ठहराव और यात्री ट्रेनों का परिचालन सहित ट्रेनों का विस्तार के अलावा जनहित से संबंधित मामलों पर ज्ञापन सौंपकर निराकरण करने का आग्रह किया। कोरबा संसदीय क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने रेल राज्य मंत्री वी सोमन्ना से चर्चा करते हुए कहा कि रेलवे राजस्व में कोरबा से बड़ी मात्रा में राशि रेलवे प्रशासन को प्राप्त होती है लेकिन क्षेत्र के रहवासी यात्री सुविधाओं के नाम पर छले जा रहे हैं।
सांसद ने सौंपे गए ज्ञापन में कोरबा सहित चाम्पा, सक्ती, नैला, रेलवे स्टेशन में सर्वसुविधायुक्त प्रतिक्षालय का निर्माण एवं एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म में जाने हेतु रैम्प का निर्माण करने की मांग की है। कोरबा स्टेशन में दूसरी एंट्री में साइकिल स्टैण्ड व शेड निर्माण सहित कटघोरा, दीपका में रेलवे आरक्षण केन्द्र प्रारंभ करने सहित सर्वसुविधायुक्त महिला प्रतिक्षालय के निर्माण की मांग की है। सांसद ने कोरबा को जोडऩे वाली चाम्पा रेलवे स्टेशन में गीतांजलि एक्सप्रेस और बीकानेरी ट्रेन का ठहराव सहित सक्ती रेलवे स्टेशन में एक्सप्रेस गाडिय़ों का ठहराव मांगा है।



