Chandrababu Naidu: आंध्र प्रदेश में सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को तेदेपा चंद्रबाबू नायडू को अपना विधायक दल का नेता चुन सकती है।
आंध्र प्रदेश में 12 जून को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।
आंध्र प्रदेश में सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को तेदेपा चंद्रबाबू नायडू को अपना विधायक दल का नेता चुन सकती है।
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) की प्रवक्ता ज्योत्सना तिरुनागरी ने बताया कि मंगलवार को विधायक दल की बैठक में नायडू को नेता चुना जाएगा। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद तेदेपा, भाजपा और जनसेना गठबंधन के नेता राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
बुधवार को चंद्रबाबू नायडू के साथ कई और नेता भी शपथ ले सकते हैं। नायडू के साथ शपथ लेने वाले नेताओं के नाम मंगलवार को तय कर लिए जाएंगे।
आंध्र प्रदेश में 12 जून को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं। वहीं जनसेना पार्टी ने अपने विधायक दल का नेता पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण को चुन लिया है।
पवन कल्याण मंगलवार सुबह मंगलागिरी स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्हें जनसेना पार्टी के विधायकों ने अपना नेता चुना।
आंध्र प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में राज्य की 175 सीटों में से 135 सीटें जीतकर चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगु देशम पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने 21 सीटें जीती हैं और भाजपा को भी आठ सीटों पर जीत हासिल हुई है। वहीं जगनमोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी महज 11 सीटों पर सिमट गई है। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में तेदेपा, जनसेना और भाजपा गठबंधन बनाकर चुनाव मैदान में उतरीं थी।



