CG Lok Sabha Phase 1 Election: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट पर मतदान शुरू हो गया है। तीन बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा है।
बीजेपी के पूर्व चित्रकोट विधायक रहे बैदू राम कश्यप भी लाइन में खड़े होकर अपने बारी का इंतजार किया। उन्होंने कहा कि पहले करेंगे मतदान फिर करेंगे जलपान।
वहीं चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने मतदान किया। मतदान को लेकर लोगों में सुबह से उत्साह देखा जा रहा है।
बस्तर जिले की नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़े अलनार मतदान केंद्र पर सुबह पांच बजे से मतदाताओं की भीड़ लगी है।
जगदलपुर में मतदान को लेकर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार की रात 11 बजे कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. निकले। जिला निर्वाचन अधिकारी ने भैरमगंज स्कूल के 04 मतदान केंद्रों, विवेकानंद स्कूल के तीन मतदान केंद्रों, अगहनपुर स्कूल के तीन मतदान केंद्र, डा.भीम राव अम्बेडकर स्कूल के 05 मतदान केंद्र और रेलवे कालोनी स्कूल के 04 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मतदान दलों की सदस्यों से चर्चाकर उनकी तैयारी और मूलभूत व्यवस्थाओं के संबंध में संज्ञान ली साथ-साथ सुरक्षा के लिए तैनात जवानों की उपस्थिति का भी जायजा लिया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस सीट पर 196 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। इसके सुरक्षा को लेकर सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम कर चुकी है। बस्तर में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पिछले एक सप्ताह से 60 हजार जवान तैनात हैं।
बस्तर लोकसभा में कुल 14 लाख 72 हजार 207 मतदाता हैं। इसमें से पुरुष मतदाता की संख्या सात लाख 746 हैं। महिला मतदाताओं की संख्या सात लाख 71 हजार 679 हैं। वहीं तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 52 है। इसमें 18 से 19 साल के मतदाताओं को संख्या 47 हजार 10 है, दिव्यांग 12 हजार 703, 85 प्लस तीन हजार 487 और 100 प्लस मतदाताओं की संख्या 119 है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कंगाले ने बताया कि बस्तर लोकसभा सीट से कुल 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें से तीन उम्मीदवार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल से हैं। 6 रजिस्ट्रीकृत और दो निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।



