BJP LS LIST: लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 195 को टिकट दिया गया है। पीएम मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि 195 में से 28 हमारी मातृ शक्ति है, 50 से कम उम्र वाले 47 युवा उम्मीदवार हैं। अनुसूचित जाति के 27, अनुसूचित जनजाति के 18 और पिछड़ा वर्ग के 57 उम्मीदवार हैं।
मालूम हो कि बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने कैंडिडेट्स के नाम तय करने को लेकर मैराथन बैठक की थी। इस दौरान करीब 16 राज्यों के लिए नामों पर विचार-विमर्श किया गया था।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा, ‘अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर से चुनाव लड़ेंगे। राजस्थान के जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत और चित्तौड़गढ़ से सी.पी. जोशी लोकसभा चुनाव लड़ने वाले हैं।’
उम्मीदवारों की पहली सूची में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 51, पश्चिम बंगाल में 20, दिल्ली में 5, गोवा और त्रिपुरा में एक-एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। भाजपा ने चांदनी चौक सीट से प्रवीण खंडेलवाल और उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को मैदान में उतारा है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा, ‘स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव लड़ेंगी। राजनाथ सिंह को लखनऊ से टिकट दिया गया है। इसके अलावा आजमगढ़ से दिनेश लाल निरहुआ को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि हेमा मालिनी मथुरा से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। डॉ महेश शर्मा गौतम बुद्ध नगर से चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, मध्य प्रदेश के गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनाव लड़ेंगे।
अमित शाह गांधीनगर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा मनसुख मंडाविया पोरबंदर से चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से, बिष्णु पदा रे अंडमान और निकोबार से, केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू अरुणाचल पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे, अरुणाचल पूर्व से भाजपा सांसद तापिर गाओ चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।’



