Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी नए साल के शुरुआत के साथ ही जन सुराज ने पूर्वी चंपारण जिला परिषद् में अविश्वास का खेल शुरु कर दिया है। जबकि जन सुराज से पहले चार जनवरी को 20 जिप सदस्यों ने जिला परिषद् की चेयरमैन ममता राय और उपाध्यक्ष गीता देवी खिलाफ अविश्वास लगाने से संबंधित हस्ताक्षर युक्त आवेदन सौंपा था।
वहीं जन सुराज के बैनर तले आए 13 जिप सदस्यों ने भी उप विकास आयुक्त सह कार्यपालक पदाधिकारी समीर सौरभ को ममता राय और गीता देवी के खिलाफ अविश्वास व्यक्त किया है। जिला परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि दूसरा आवेदन भी मिला है।जिसपर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Motihari News: जिप चेयरमैन और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन देने जिला परिषद् सदस्यों के साथ पहुंचे बंजरिया क्षेत्र संख्या 22 के निर्वाचित सदस्य तौसीफुर रहमान ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा पार्षदों के साथ मनमानी की जा रही है। पार्षदों के मान सम्मान के साथ खिलवाड़ की जा रही है।
योजनाओं के आवंटन में नाइंसाफी की गई है। किसी पार्षद को 60 से 70 लाख की योजनाएं दी गई है। जबकि कुछ पार्षद को एक करोड़ से डेढ़ करोड़ की योजना दी गई है।
कुछ पार्षदों का काम होने पर उनके पेमेंट का भुगतान कर दिया गया है। जबकि कुछ पार्षदों के योजनाओं का पेमेंट रोक दिया गया है।इसी से आहत पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आवेदन दिया है।हमलोगों के साथ 40 पार्षद हैं।
Motihari News: जिप सदस्य तौसीफुर रहमान ने उन 20 जिला परिषद् सदस्यों को भी अपना बताया है। चार जनवरी को 20 सदस्यों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित आवेदन जिप अध्यक्ष ममता राय को सौंपा है। जबकि शनिवार को 13 जिप सदस्यों ने जिप अध्यक्ष के अनुपस्थिति में कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा है।
जिस बारे में पूछे जाने पर जिप सदस्य तौसीफुर रहमान ने बताया कि पहले जो बीस सदस्यों ने अविश्वास लगाया है।फिर आज तेरह लोगों ने अविश्वास के लिए आवेदन दिया है।सब मिलाकर 33 जिप सदस्य हुए।पहले आवेदन देने वाले सदस्य भी हम लोगों के हीं पक्ष के हैं।
Motihari News: जिप सदस्यों द्वारा आवेदन मिलने के बाद उप विकास आयुक्त सह कार्यपालक पदाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि कुल दो आवेदन अब तक मिल चुके हैं।एक आवेदन पूर्व में मिला था।आज एक आवेदन मिला है। जिस पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में मिले आवेदन पर बैठक के लिए तारीख निश्चित कर दी गई है और सूचना भी निर्गत कर दिया गया है।आज जो आवेदन मिला है।उस आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए तारीख को लेकर फैसला लिया जाएगा।
Motihari News: बता दें कि पूर्वी चंपारण जिला में कुल 57 जिला परिषद् के निर्वाचित सदस्य हैं। पूर्व में 3 जनवरी 2022 को जिला परिषद् के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ था। जिसमें ममता राय ने कुल 45 मत पाकर प्रतिद्वंदी नीलू गुप्ता को 35 मतों से पराजित किया था। जबकि उपाध्यक्ष पद पर गीता देवी ने 32 मत पाकर प्रियंका जायसवाल को 3 मतों से हराया है।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का दो साल का टर्म पूरा होते हीं अविश्वास का खेल शुरु हो गया है।एक तरफ जन सुराज के बैनर तले 13 जिप सदस्यों ने अविश्वास लाया है।वहीं एक दूसरे खेमा के 20 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित आवेदन सौंपा है।



