
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों, सांसदों और विधायकों के साथ आज महाकुंभ जाएंगे, जहां दिन में पवित्र संगम में स्नान करेंगे. साथ ही छत्तीसगढ़ पवेलियन में जाकर व्यवस्थाओं को देखेंगे. मुख्यमंत्री दिन में 9.40 बजे अपने सहयोगियों के साथ प्रयागराज के लिए विशेष विमान से रवाना होंगे, जहां स्नान के बाद शाम को वापस रायपुर आ जाएंगे.
विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह की ओर से विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को महाकुंभ जाने का न्योता दिया गया था, जिसमें कहा गया था कि 13 फरवरी को महाकुंभ में स्नान के लिए जाना है. सीएम विष्णु देव साय ने कहा था कि कांग्रेस के कुछ विधायक भी हमारे साथ कुंभ में स्नान के लिए जाएंगे. वहीं, इस बयान के बाद संगम में स्नान को लेकर राजनीति शुरू हो गई है.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मन चंगा, तो कठौती में गंगा. उन्होंने कहा कि महाकुंभ में अपनी श्रद्धा से जाना चाहिये. दान देना है, तो अपनी जेब से देना चाहिए. धर्म-कर्म अपने बूते पर करना चाहिये. उन्होंने कहा कि मन साफ रहेगा, तभी पुण्य मिलेगा. उन्होंने कहा कि महाकुंभ में अव्यवस्था है, जिन लोगों को व्यवस्था करना है, वो बार-बार दौरा कर रहे हैं. वहां जाने से कुछ नहीं मिलेगा. शासन को काम व्यवस्था करना है, अपने को प्रचारित करना नहीं है.



