
रायपुर. नगरीय चुनाव और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट कभी भी जारी होनी शुरू हो जाएगी. अगर आज लिस्ट नहीं जारी होती है, तो कल यानी 26 जनवरी को इसे जारी कर दिया जाएगा. प्रदेश बीजेपी कार्यालय में लिस्ट फाइनल करने को लेकर बैठकों और मंथन का दौर चला, जिसमें नाम फाइनल कर लिये गये हैं. बैठक में प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन समेत पार्टी के चुनावसे जुड़े पदाधिकारी शामिल रहे. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इसमें हिस्सा लिया.
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में विभिन्न बैठक होने के प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई. बैठक में चुनावों को लेकर कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. बताया जा रहा कि बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लग गई है. आज से भाजपा प्रत्याशियों की सूची आनी शुरू हो जाएगी. बैठक के बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि आगामी एक-दो दिनों में तय उम्मीदवारों की सूची घोषित हो जाएगी.
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि बैठक में संभाग के सभी वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई है. सभी वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग मशविरा किया गया है. इस पर हुई विस्तृत चर्चा के आधार पर जो चयन प्रक्रिया है वह आगे बढ़ेगी. हमारी जो समितियां हैं, मंडल समिति प्रत्याशियों के नामों की सूची जिला समिति को भेजी है. जिला समिति से संभाग और संभाग से प्रदेश स्तरीय चुनाव समिति तक सारी सूची प्राप्त हो रही है.
नगर निगम, नगरपालिका और नगर पंचायत के प्रत्याशियों की सूचियां धीरे-धीरे बनकर ऊपर तक आई है. सभी वर्गों का समावेश कर भारतीय जनता पार्टी सर्वजन सर्वहित और सभी वर्ग को लेकर चलती है समरसता के अनुसार कार्य करती है.
भाजपा नगरीय निकाय चुनाव के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि भाजपा की अपनी एक निश्चित प्रत्याशी चयन प्रक्रिया है और हमारे सभी स्तर पर मंडल चयन समिति, जिला चयन समिति और संभाग चयन समिति की बैठकें हो चुकी है. अब जो हमारे पास पैनल आए हैं, उसे केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखे हैं, जिन पर शीघ्र विचार करके शीघ्र ही महापौर सहित प्रत्याशियों की सूची जारी होगी.



