
रायपुर. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का कहना है कि कृषि क्षेत्र के बाद कपड़ा क्षेत्र ही ऐसा है, जो देश में सबसे ज्यादा रोजगार दे रहा है. अभी कपड़ा क्षेत्र में जिन लोगों को रोजगार मिला हुआ है. उनकी संख्या पांच करोड़ के आसपास है, जिसे 2030 तक छह करोड़ तक ले जाने का लक्ष्य है. केंद्रीय कपड़ा मंत्री दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ में थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कोसा और हैंडलूम से बेहतर रोजगार के अवसर बन रहे हैं.
केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सात से ज्यादा लोग हैंडलूम से जुड़े हुए हैं. सरकार की नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ में लूम का ग्राफ बढ़ा है. इस सेक्टर की रोजगार देने की क्षमता बढ़ रही है. दुनिया सस्टेनेबल फाइबर मांग रहा है. हमारे यहां सिल्क और नेचुरल फाइबर की मांग बढ़ रही है. इस सेक्टर में भी हम लोग काम कर रहे हैं.
गिरिराज सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आर्थिक संरचना मजबूत करने की जरूरत है. यहां कपड़ा सेक्टर में लगभग 35000 से ज्यादा दीदियां काम कर रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह मंशा है कि इन लोगों को 10 से 15 हजार रुपए महीने की आमदनी होनी चाहिए. हमारी यह पूरी कोशिश है कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर के इस दिशा में काम करें, ताकि उनकी आर्थिक संरचना को मजबूत किया जा सके.
सरकार इंडस्ट्रियल और टेक्सटाइल पार्क खोलने जा रही है. इसके लिए 50 फीसदी सब्सिडी देने की बात आ रही है. तो यह बहुत बड़ी बात है. इसमें ऐसा होता है तो सारे लोग आएंगे बड़ी इंडस्ट्रीज आएंगी. अगर कपड़े के व्यवसाय में 50 से 60 करोड़ का उद्योग स्थापित होता है तो इसमें लगभग 2000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलता है. आने वाले दिनों में व्यवस्थित तरीके से छत्तीसगढ़ में रोजगार के अवसर पैदा होंगे.



