
रायपुर. छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ईडी कोर्ट ने पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, जेल जाने के दौरान कवासी लखमा ने कहा कि मैं निर्दोष हूं, मुझे फंसाया जा रहा है. मेरा न्यायालय पर पूरा भरोसा है. मुझे न्याय जरूर मिलेगा.
कोर्ट के आदेश के बाद अब कवासी लखमा को 5 फरवरी को फिर से कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा. वहीं, कोर्ट में पेशी के दौरान कवासी लखमा ने कहा कि मैं पूरी तरह से निर्दोष हूं. मुझे फंसाया जा रहा है. सच्चाई जल्दी ही सामने आएगी. ईडी ने इससे पहले 15 जनवरी को पूछताछ के बाद कवासी लखमा को गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद उन्हें 21 जनवरी तक रिमांड पर भेजा गया था, जिसकी अवधि पूरी होने पर ईडी ने उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया.
कवासी लखमा के खिलाफ शिकंजा दिसंबर महीने से कसना शुरू हो गया था, जब 28 दिसंबर को ईडी ने लखमा और उनके करीबियों के यहां छापेमारी की थी. इसके बाद तीन और नौ जनवरी को कवासी लखमा से पूछताछ की गयी थी. इसके बाद 15 जनवरी को पूछताछ के दौरान ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था.
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ था. उस समय भूपेश बघेल सरकार में कवासी लखमा अबकारी मंत्री थे. ईडी ने जांच के दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि घोटाले का बड़ा हिस्सा कवासी लखमा ने मंत्री के रूप में मासिक रूप से प्राप्त किया. कोंटा से विधायक और पूर्व मंत्री कवासी लखमा पर आरोप है कि उन्होंने अरबों की रकम सरकारी खजाने से हेराफेरी करके कमायी.



