
रायपुर. राजधानी रायपुर ने धरसींवा इलाके में अनियंत्रित ट्रक ने सड़क के किनारे बैठे 13 लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो नाबालिगों की मौके पर मौत हो गयी, जबकि 11 लोग घायल हैं. जो लोग हादसे का शिकार हुए हैं, वो जगन्नाथपुरी और अमरकंटक से दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे. रास्ते में कार खराब हो गयी थी, जिसकी वजह से सब सड़क के किनारे बैठे थे, उसी समय ये हादसा हुआ है.
हादसे में जिन दो नाबालिगों की जान गयी है, उनमें आराध्य साहू (12) और मोनिका साहू (14) शामिल हैं, जबकि घायलों में प्रार्थना साहू, निशा साहू, निर्मला साहू, धर्मेंद्र साहू, ललित साहू, माही साहू, ओम प्रकाश साहू, गीतांजलि साहू, दीक्षा साहू, रितेश साहू, प्रेरणा साहू और एसयूवी चालक नरोत्तम साहू शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी धमतरी जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर धरसीवा थाना क्षेत्र के सिलतारा इलाके के पास सोमवार रात करीब डेढ़ बजे हुई, जब वाहन में सवार 14 लोग अमरकंटक से धमतरी लौट रहे थे. अधिकारियों ने बताया कि तभी वाहन में खराबी आ गई और एक्सप्रेसवे पर पुल के किनारे वाहन को मरम्मत के लिए खड़ा कर दिया. उन्होंने बताया कि वाहन की पार्किंग तथा हेडलाइट चालू थी और इस दौरान लोग वाहन के अंदर और बाहर बैठे थे.
उन्होंने बताया कि तभी एक ट्रक ने पीछे से वाहन को टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने बताया कि बाद में घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. ट्रक डाइवर को हिरासत में ले लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है.



