सीजी डेस्क। राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लागू की गई महतारी वंदन योजना की सफलता उनके चेहरों की मुस्कान बता रही है। महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और इस योजना के माध्यम से उनके जीवन में खुशहाली और समृद्धि का संचार हो रहा है। उक्त बातें विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सुशासन सप्ताह के दौरान आयोजित विधानसभा स्तरीय महतारी सम्मान समोरोह पंडरी स्थित प्रगति मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान किए हैं, जिससे वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि समाज में अपनी पहचान भी बना रही हैं। इस दौरान विधायक मिश्रा ने मुख्यमंत्री की पाती का भी वाचन किया। जिसको लेकर मौजूद लोगों में उत्साह दिखा। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा, कि राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना है, ताकि वे किसी पर निर्भर न रहें। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिनको राशि मिल रही है उसको निकाल कर अन्य बचत कार्याें में लगा रही है उसके लिए उन्हें बैंक जाना पडता है तो दो बार जाना होता है। इसके लिए उन्हें संबंधित बैंक में जाकर एकबार जानकारी देनी होगी जिससे उनकी उक्त राशि सीधे उस खाते में चली जाएगी। इसके लिए उन्हें बार बार बैंक का चक्कर नहीं लगाना होगा।



