सीजी डेस्क। जिले में 68वीं शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को बसना विधायक संपत अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय महासमुंद स्थित मिनी स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट के साथ किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई। विजेता खिलाड़ियां को बसना विधायक संपत अग्रवाल व विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के हाथों कप, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ओवर ऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। इस दौरान स्थानीय प्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन मौजूद थे।
समापन अवसर पर बसना विधायक संपत अग्रवाल ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में टीम भावना के साथ खेलने के लिए बधाई दी। उन्हांने कहा कि आप सभी ने खेल भावना और संघर्षशीलता के साथ खेल में अपना हुनर दिखाया है। खेल से जीवन में अनुशासन और समर्पण जागृत होता है और हमें एकता की ताकत से परिचित कराता है। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से बढ़कर हमारे अंदर की क्षमता, मेहनत और आत्मविश्वास मायने रखता है। जो खिलाड़ी मैदान में उतरे, वे पहले से ही विजेता हैं, क्योंकि उन्होंने अपने डर और कमजोरियों पर विजय प्राप्त की है।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी अपनी प्रतिभा और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किए है। आप सभी इसी तरह अपने-अपने राज्य सहित देश को गौरवान्वित करते रहें। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि राष्ट्रीय स्तर से उठकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें। अग्रवाल ने कहा कि महासमुंद को मेजबानी मिलना गर्व की बात है और इसे महासमुंद वालों ने बखूबी निभाया है।



